वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने अवैध लकड़ी परिवहन करते ट्रैक्टर पकड़ा, कार्रवाई जारी

आरीफ खान,आगर मालवा। जिले के पिपलोंन–मदकोटा मार्ग पर वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने मंगलवार को अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा। टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर आगर स्थित वन विभाग कार्यालय पहुंचाया, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग की उड़नदस्ता टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पीपलोंन–मदकोटा मार्ग पर पिपलोंन की ओर आ रहे ट्रैक्टर क्रमांक MP 13 AA 4029 को रोककर जांच की गई। जांच में पाया गया कि ट्रैक्टर में अवैध रूप से लकड़ी भरी हुई थी। लकड़ी की कटाई एवं परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज ट्रैक्टर चालक के पास नहीं मिले।
इसके बाद टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर आगर के वन विभाग कार्यालय ले जाकर पंचनामा तैयार किया। ट्रैक्टर चालक शाहिद पिता मेहबूब खान, निवासी आगर के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



