आगर मालवा में पतंग लूटते समय करंट लगने से नाबालिग की मौत, महिला गंभीर घायल

आरिफ खान, आगर मालवा। शहर की अर्जुन नगर कॉलोनी में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्जुन नगर कॉलोनी निवासी किरण (15 वर्ष), पिता कन्हैयालाल, अपने घर की छत पर मौजूद थी। इसी दौरान उसने छत पर गिरी एक कटी हुई पतंग को उठाने का प्रयास किया। पतंग की डोर पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे किरण को तेज करंट लगा। करंट लगते ही वह छत पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से झुलस गई।
घटना के समय पास में मौजूद टीना (30 वर्ष), पति मेहरबान, ने किरण को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने किरण को मृत घोषित कर दिया, जबकि टीना का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
इस हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में गहरी चिंता देखी जा रही है। लोगों ने पतंगबाजी के दौरान विद्युत तारों के पास बरती जा रही लापरवाही पर सवाल उठाए हैं और प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।




