वन विभाग की बड़ी लापरवाही! जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली ऑफिस से गायब, अफसरों के बयान में विरोधाभास

आरिफ खान, आगर मालवा। वन विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। विभाग की टीम द्वारा लकड़ी के अवैध परिवहन के आरोप में पकड़ी गई दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां वन विभाग कार्यालय परिसर से रहस्यमयी तरीके से गायब हो गईं। इस पूरे घटनाक्रम ने विभागीय समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने गत दिनों लकड़ी का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया था। दोनों वाहनों को कार्रवाई के तहत वन विभाग के आगर स्थित कार्यालय में खड़ा कराया गया था।
मामले में जब एसडीओ फतेह सिंह निनामा से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है वहीं रेंजर लक्ष्मीनारायण चौधरी ने कहा कि अज्ञात लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चले गए। इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है।”
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जब्त वाहनों को कार्यालय परिसर से कैसे और किन परिस्थितियों में ले जाया गया।
इस घटना ने वन विभाग के अधिकारियों के बीच तालमेल की कमी को उजागर कर दिया है। जब्त संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सरकारी कार्यालय परिसर में रखी जब्त सामग्री ही सुरक्षित नहीं है, तो अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण कैसे संभव होगा।



