शहर में शांति बनाए रखने को लेकर समन्वय बैठक आयोजित
बैठक में आपसी संवाद के माध्यम से शांति और सौहार्द कायम रखने पर जोर दिया गया

आरिफ खान। आगर मालवा। जिला मुख्यालय पर शुक्रवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट को लेकर मुस्लिम समुदाय में नाराजगी देखने को मिली। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन शहर में गश्त बढ़ा दी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की।
शनिवार दोपहर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर में अमन-चैन बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों पक्षों को समन्वय बैठक के लिए आमंत्रित किया। बैठक में आपसी संवाद के माध्यम से शांति और सौहार्द कायम रखने पर जोर दिया गया। हालांकि बैठक में केवल मुस्लिम पक्ष के जिम्मेदार लोग ही उपस्थित हुए।
बैठक के दौरान शहर काजी वसी उद्दीन ने कहा कि शहर की फिजा खराब करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमन और शांति बनाए रखने के लिए मुस्लिम समाज पूरी तरह पुलिस और प्रशासन का सहयोग कर रहा है।
प्रशासन ने भी नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।



