ओलावृष्टि से फसलें तबाह, किसानों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

आरिफ खान, आगर मालवा। जिले में हाल ही में हुई भारी ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। ग्राम कोलुखेड़ी, सुतड़ा, भड़भुंजी एवं जस्साखेड़ी क्षेत्र के किसानों ने सोमवार को जिला कलेक्टर आगर मालवा को ज्ञापन सौंपकर मुआवजा एवं बीमा राशि दिलाए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि वर्तमान रबी सीजन में गेहूं, चना, प्याज, लहसुन सहित अन्य फसलें खेतों में तैयार अवस्था में थीं, लेकिन अचानक हुई ओलावृष्टि व तेज बारिश के कारण फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। इससे किसानों को गंभीर आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।
किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के चलते उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर हो गई है और खेती में लगाया गया पूरा खर्च डूब गया है। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि शीघ्र फसल सर्वे कराया जाए तथा शासन की ओर से आर्थिक सहायता, मुआवजा एवं फसल बीमा की राशि किसानों को दिलाई जाए।

