आगर मालवा में साल के दूसरे दिन घना कोहरा, कड़ाके की सर्दी से जनजीवन प्रभावित
घने कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है

आरिफ खान, आगर मालवा। साल के दूसरे दिन आगर मालवा जिले में मौसम ने करवट ली। सुबह से ही क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। कड़ाके की सर्दी के कारण आम जनजीवन प्रभावित नजर आया।
घने कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। कई स्थानों पर दृश्यता बेहद कम होने से वाहन धीमी गति से चलते दिखाई दिए। खासकर सुबह के दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है।
ठंड के बढ़ते असर के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे। चौराहों और बाजारों में अलाव जलाते हुए लोग सर्दी से बचाव करते नजर आए। वहीं, ग्रामीण इलाकों में खेतों पर जाने वाले किसानों ने भी ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लिया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से कोहरे के दौरान सावधानी बरतने और आम नागरिकों से आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
