आगर छावनी नाका चौराहा से हटेगा अतिक्रमण
कलेक्टर ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए निर्देश

आरिफ खान , आगर मालवा। कलेक्टर प्रीति यादव की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले निर्णयों की समीक्षा की गई तथा जिले में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर प्रीति यादव ने निर्देश दिए कि जिले के शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों की बसों की नियमित चेकिंग की जाए। बस संचालन में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन हो। फिटनेस प्रमाणपत्र, आवश्यक दस्तावेज और चालक का वैध लाइसेंस जांचने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट न पहनने पर सख्त चालानी कार्रवाई करने के निर्देश यातायात थाना प्रभारी को दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा, एडिशनल एसपी रविंद्र कुमार बोयत, एसडीएम मिलिंद ढोके, डिप्टी कलेक्टर प्रेम नारायण परमार, आशीष शर्मा, यातायात प्रभारी जगदीश यादव, नगर पालिका सीएमओ कुशल सिंह ढोडवे, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने छावनी चौराहे का किया निरीक्षण
बैठक के बाद कलेक्टर प्रीति यादव और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने छावनी चौराहे का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने चौराहे की वर्तमान यातायात स्थिति, संभावित दुर्घटना स्थलों और व्यवस्था सुधार की आवश्यकता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने, ठेले-खोमचे को व्यवस्थित स्थानों पर लगाने तथा आसपास के मॉल संचालकों को पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। नियमों का पालन न करने पर संबंधित मॉल को सील करने की चेतावनी भी दी गई।
उन्होंने चौराहे पर डिवाइडर एवं रैलिंग को आवश्यक दूरी तक हटाने तथा बीच में रोटरी का निर्माण कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।


