टैंकर और कार की भीषण भिड़ंत, तीन घायल, स्प्रिट से भरे टैंकर की जांच शुरू
दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा

आरिफ खान, आगर मालवा। शुक्रवार को उज्जैन–झालावाड़ नेशनल हाईवे पर अमरकोट गांव के समीप एक टैंकर और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सुसनेर पहुंचाया गया। घायलों में मनीष जैन, गिरिराज गुप्ता और राकेश गुप्ता निवासी सोयतकलां के रूप में हुई है। सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।हादसे में टैंकर चालक को कोई चोट नहीं आई है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस की मदद से सुचारु कराया गया। सूचना मिलने पर सोयत पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टैंकर में स्प्रिट भरी हुई थी। स्प्रिट के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों और उसकी वैधता की जांच की जा रही है। फिलहाल टैंकर चालक को पुलिस हिरासत में लिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ स्प्रिट के परिवहन से जुड़े नियमों के उल्लंघन की भी पड़ताल कर रही है। टैंकर इंदौर की और से सवाई माधोपुर की तरफ जा रहा था वहीं कार सोयत से आगर की और आ रही थी।