बड़ौद में मामूली विवाद बना बवाल, बाजार में तनाव
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बाजार में तनाव का माहौल बन गया।

आगर मालवा। जिले के बड़ौद नगर में सोमवार सुबह एक मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। बैंक ऑफ़ इंडिया के पास स्थित एक दुकान के बाहर घूरने को लेकर सुबह लगभग 11 बजे दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और दुकानों में तोड़फोड़ में बदल गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बाजार में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बड़ौद थाना पुलिस और सीएसपी मोतीलाल कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर हालात शांत करने का प्रयास किया।
इधर, घटना से आक्रोशित हिंदू पक्ष के लोग बड़ी संख्या में बड़ौद थाने पहुँच गए और थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने वर्ग विशेष के आरोपियों की गिरफ्तारी, उनका जुलूस निकाले जाने की मांग की। करीब तीन घंटे तक हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के बीच लगातार चर्चा चलती रही, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को पैदल ले गई पुलिस
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश करने ले जाए जाने के दौरान पुलिस आरोपियों को थाने से कुछ दूर तक पैदल ही लेकर गई। वहीं इस दौरान बड़ी संख्या में आम लोग भी साथ साथ चलते दिखे।