“वेस्ट टू वेल्थ” की मिसाल: नगर पालिका परिषद आगर ने मंदिरों के फूलों से बनाया हर्बल गुलाल

आरिफ खान, आगर मालवा। नगर पालिका परिषद आगर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अभिनव पहल की गई है। निकाय की सहयोगी संस्था एस के वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज द्वारा नगर के विभिन्न मंदिरों से प्रतिदिन निकलने वाले पुष्पों का वैज्ञानिक विधि से संग्रहण एवं प्रसंस्करण कर उनसे प्राकृतिक हर्बल गुलाल तैयार किया गया है।
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री कुशल सिंह डोडवे ने बताया कि यह पहल कचरा प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि होली पर्व के अवसर पर रासायनिक रंगों के स्थान पर प्राकृतिक हर्बल गुलाल का उपयोग करें, जिससे त्वचा और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रह सकें।
स्वच्छता निरीक्षक श्री बसंत डुलगज ने जानकारी देते हुए कहा कि मंदिरों से निकलने वाले पुष्पों का पुनर्चक्रण कर उपयोगी उत्पाद तैयार करना “वेस्ट टू वेल्थ” की अवधारणा को साकार करता है। रासायनिक रंगों से होने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए हर्बल गुलाल का उपयोग समय की आवश्यकता है।
नगर पालिका परिषद आगर द्वारा समस्त नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली मनाते हुए इस सराहनीय पहल में सक्रिय सहभागिता निभाएँ।



