नलखेड़ा बस स्टैंड बदहाल: यात्रियों को नहीं मिल रहीं मूलभूत सुविधाएं, जिम्मेदार मौन
रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि यहां लगी लाइटें अक्सर बंद रहती हैं।

आरिफ खान, आगर मालवा। जिले की तहसील नलखेड़ा का बस स्टैंड इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। यात्रियों के बैठने की समुचित व्यवस्था न होने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कई वर्षों पूर्व बनाई गई सीसी रोड अब जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो चुके हैं, जिनकी आज तक मरम्मत नहीं की गई। बरसात और रोजमर्रा के उपयोग के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनती है। इतना ही नहीं, पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बसों से पहुंचते हैं, लेकिन बस स्टैंड पर उनके लिए न तो पर्याप्त बैठने की व्यवस्था है और न ही मूलभूत सुविधाएं। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि यहां लगी लाइटें अक्सर बंद रहती हैं, जिससे अंधेरे में यात्रियों को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से बस स्टैंड की मरम्मत, गड्ढों की भराई, प्रकाश व्यवस्था सुधारने और यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब इस ओर ध्यान देते हैं और नलखेड़ा बस स्टैंड की तस्वीर बदलने के लिए ठोस कदम उठाते हैं।


