January 19, 2026 |
Search
Close this search box.

BREAKING NEWS

मध्यप्रदेश

जमीनी विवाद में नाबालिग की हत्या के बाद गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

Express Samachar

आरिफ खान , आगर मालवा। जिले के बड़ोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरौली में जमीनी विवाद को लेकर हुई नाबालिग की हत्या के बाद गांव में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई है। सोमवार को हुई इस हृदयविदारक घटना में सगे ताऊ ने अपने 17 वर्षीय भतीजे पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे गांव सहित आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

ग्रामीणों को समझाइश देते पुलिस अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पीएम उपरांत मृतक नाबालिग का शव परिजनों को सौंप दिया गया तथा पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया।

हालांकि, घटना के बाद से ग्रामीण लगातार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इसी को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। बुधवार को एक बार फिर स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके चलते गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

गांव तैनात पुलिस बल

इसी दौरान पुलिस का एक वाहन गांव में भीड़ के बीच से गुजर रहा था, तभी एक बालिका वाहन से टकरा गई, जिससे उसे हल्की चोट आई। इस घटना के बाद ग्रामीणों और पुलिस के बीच कुछ देर के लिए कहासुनी भी हुई। घायल बालिका को तत्काल पुलिस द्वारा उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

फिलहाल पुलिस अधिकारियों के अनुसार गांव की स्थिति नियंत्रण में है। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।


Express Samachar

Related Articles

Check Also
Close
error: Content is protected !!