ईडब्ल्यूएस अधिकारों के लिए बाइक यात्रा
9000 किमी तय कर आगर मालवा पहुंचे विक्रमसिंह धौंधलिया की प्रेसवार्ता

आरिफ खान, आगर मालवा। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अधिकारों और सुविधाओं की मांग को लेकर चल रही जनजागरूकता यात्रा अब मध्यप्रदेश में जोर पकड़ रही है। राजपूत करणी सेना (कालवी विचारधारा) के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग प्रताप सिंह राघव के निर्देश पर निकाली गई इस ‘ईडब्ल्यूएस जनजागरूकता एवं जनसंपर्क भारत यात्रा’ का संचालन राजस्थान के चूरू निवासी विक्रमसिंह धोधलिया कर रहे हैं।
विक्रम सिंह ने अकेले बाइक से चार राज्यों – दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्यप्रदेश – की यात्रा करते हुए अब तक 9000 किलोमीटर की दूरी तय कर ली है। मध्यप्रदेश में यह यात्रा इंदौर से शुरू हुई और अब प्रदेश के कई जिलों से गुजर रही है। सोमवार को आगर मालवा पहुंचे विक्रमसिंह ने प्रेस वार्ता में यात्रा की जानकारी देते हुए ईडब्ल्यूएस वर्ग की प्रमुख मांगें रखीं।
उन्होंने कहा कि ईडब्ल्यूएस को अन्य आरक्षित वर्गों की तरह सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में 5 वर्ष की आयु छूट और अतिरिक्त प्रयास (एक्स्ट्रा अटेम्प्ट्स) दिए जाएं। साथ ही, शिक्षक भर्ती 2018 में चयनित 848 ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों की नियुक्ति तुरंत की जाए। अन्य मांगों में ईडब्ल्यूएस के लिए कैरी फॉरवर्ड/बैकलॉग व्यवस्था लागू करना, छात्रवृत्ति एवं राज्य योजनाओं में समान लाभ, प्रमाण-पत्र की वैधता 3 वर्ष करना, ईडब्ल्यूएस कल्याण बोर्ड गठन, आरटीई के तहत निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा, निकाय/पंचायत चुनाव में 10% से बढ़ाकर 20% आरक्षण, कृषि भूमि/भवन शर्तों में राजस्थान मॉडल जैसी छूट, एमपी एसआई भर्ती में कोविड काल की आयु छूट, हर जिले में ईडब्ल्यूएस छात्रावास, पदोन्नति में आरक्षण समाप्त कर वास्तविक आंकड़ों पर प्रमोशन तथा एनसीईआरटी में किए गए बदलावों को सुधारना शामिल है।
प्रेस वार्ता में राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष जीतेन्द्रसिंह जमुनिया और जिला संयोजक जीवन सिंह जमुनिया सहित और भी कई लोग मौजूद रहे।

