करंट लगने से हुई किसान की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया हाइवे जाम
ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर बिजली विभाग के खिलाफ किया जोरदार प्रदर्शन

आरिफ खान। सोयत थाना अंतर्गत गांव दीवानखेड़ी में करंट लगने से हुई किसान की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। भगवान सिंह पिता भेरूसिंह राजपूत, निवासी दीवानखेड़ी की करंट लगने से हुई मृत्यु के विरोध में ग्रामीणों ने इंदौर–कोटा हाईवे पर चक्का-जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है, और जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, वे प्रदर्शन जारी रखेंगे। वहीं स्थिति को सामान्य करने और बातचीत के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पंहुचे अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाईश दी गई और हाईवे पर बंद यातायात बहाल कराया जा सका। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।




