गेहूँ की आड़ में उगाई जा रही थी गांजा फसल — नलखेड़ा थाना की बड़ी कार्रवाई, 227 पौधे जब्त

आरिफ खान, आगर मालवा। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गेहूँ की फसल की आड़ में उगाई जा रही गांजा फसल का भंडाफोड़ किया है। नलखेड़ा थाना की टीम ने दबिश देकर 227 हरे गांजा पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 10.846 किलोग्राम और अनुमानित कीमत लगभग ₹1 लाख बताई गई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 27 फरवरी 2026 को थाना नलखेड़ा को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पचलाना निवासी पुरालाल भिलाला और उसका पुत्र लखन भिलाला, लसुल्ड़िया गोपाल स्थित शासकीय भूमि पर गेहूँ की फसल के बीच अवैध रूप से गांजा उगा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखकर दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान इस प्रकार हुई। पुरालाल पिता शंकरलाल भिलाला (60 वर्ष), निवासी ग्राम पचलाना लखन पिता पुरालाल भिलाला (33 वर्ष), निवासी ग्राम पचलाना
खेत की तलाशी के दौरान गेहूँ की फसल के बीच अवैध रूप से लगाए गए गांजा के 227 छोटे-बड़े हरे पौधे बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तोलकांटे से तौल करने पर कुल वजन 10.846 किलोग्राम पाया गया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना नलखेड़ा में अपराध क्रमांक 73/2026 दर्ज कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस आरोपियों से अवैध मादक पदार्थ की बिक्री और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नागेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

