कुंडालिया सिंचाई परियोजना के बांध एवं पंप हाउस का कलेक्टर द्वारा निरीक्षण
बांध की जल भराव क्षमता, बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था तथा जल आवंटन से संबंधित तकनीकी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की

आरिफ खान, आगर मालवा। कलेक्टर प्रीति यादव ने बुधवार को कुंडालिया सिंचाई परियोजना अंतर्गत निर्मित बांध एवं पंप हाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बांध की जल भराव क्षमता, बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था तथा जल आवंटन से संबंधित तकनीकी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की।
इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम कोठड़ी में निर्मित पंप हाउस एवं परियोजना के अन्य अवयवों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पंप की स्काडा पद्धति से संचालित ऑटोमेटिक प्रणाली की जानकारी प्राप्त की तथा संचालन व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझा।
निरीक्षण के दौरान संचालन में आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इनमें ओएमएस बॉक्स एवं एएमएस बॉक्स से अवैध कनेक्शन, तोड़फोड़, चोरी तथा राजस्व वसूली से संबंधित मुद्दे शामिल रहे। कलेक्टर ने शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक ए.के. दीक्षित, सहायक प्रबंधक सुशील परमार, निर्मल पाटीदार, अर्पित सक्सेना तथा एलएंडटी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश खरबंदा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
