जंगल में सजी जुए की महफ़िल पर पुलिस का शिकंजा: 32 गिरफ्तार, ₹2.52 लाख नकद जब्त

आरिफ खान, आगर मालवा। जिले के सुसनेर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधि पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल इलाके में घेराबंदी कर 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 23 फरवरी 2026 की रात कण्ठाल नदी किनारे डग रोड पर “अंदर-बाहर” नामक जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुँची और सुनियोजित तरीके से दबिश दी।
मौके से कुल ₹2,52,000 नगद राशि एवं तीन ताश की गड्डियां जब्त की गईं। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर पंचों की उपस्थिति में जप्ती पंचनामा तैयार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन और थाना सुसनेर पुलिस टीम के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

