Arif Khan / Tue, Sep 29, 2026 / Post views : 30
आगर मालवा। नगर पालिका परिषद आगर द्वारा दिनांक 21 सितंबर 2026 को आयोजित विशेष सम्मेलन में गांधी उपवन क्षेत्र में दुकानों एवं अन्य निर्माण संबंधी पारित प्रस्तावों के विरोध में कांग्रेस कमेटी आगर द्वारा कलेक्टर के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर अर्पिता राय को सौंपा गया।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि गांधी उपवन क्षेत्र में निर्माण संबंधी विषय क्रमांक 2 एवं 3 में पारित संकल्पों को तत्काल निरस्त किया जाए तथा उनके क्रियान्वयन पर रोक लगाई जाए।
कांग्रेस ने कहा कि गांधी उपवन आगर शहर का महत्वपूर्ण सार्वजनिक हरित एवं खुला क्षेत्र है। बढ़ती आबादी के बीच शहर में उद्यान एवं हरित क्षेत्रों की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में शहर के उपलब्ध हरित क्षेत्र को निर्माण के लिए कम करना उचित नहीं है।
ज्ञापन में आगर में पूर्व में रहे नेहरू स्मृति वन के हरित क्षेत्र का भी उल्लेख करते हुए कहा गया कि नगर पालिका की उदासीनता एवं गलत नीतियों के चलते पूर्व में लगभग 7 हेक्टेयर में स्थित नेहरू स्मृति वन का हरित स्वरूप लगभग समाप्त होकर करीब 1 हेक्टेयर क्षेत्र ही शेष बचा है। ऐसे में गांधी उपवन के क्षेत्र को भी निर्माण के लिए कम किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस ने गांधी उपवन को पूर्व की स्थिति में सुरक्षित रखने की मांग की।
ज्ञापन में मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 323 का उल्लेख करते हुए कहा गया कि निर्धारित परिस्थितियों में कलेक्टर को नगर पालिका परिषद के आदेश अथवा संकल्प के क्रियान्वयन को निलंबित करने अथवा संबंधित कार्य को रोकने की शक्ति प्राप्त है। कांग्रेस ने इसी प्रावधान के तहत गांधी उपवन में निर्माण संबंधी पारित संकल्पों के क्रियान्वयन पर तत्काल रोक लगाकर उन्हें निरस्त करने की कार्रवाई किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि गांधी उपवन जैसे सार्वजनिक उद्यान एवं हरित क्षेत्र नागरिकों के हित में सुरक्षित रहना आवश्यक हैं तथा इनके स्वरूप में किसी भी प्रकार की कमी अथवा स्थायी निर्माण से पूर्व इनके सार्वजनिक एवं पर्यावरणीय महत्व को ध्यान में रखा जाना चाहिए अगर जिला प्रशासन इस गंभीर विषय पर ध्यान नहीं देता है तो कांग्रेस आंदोलन करने हेतु बाध्य रहेगी।
इस अवसर पर गुड्डू लाल, देवेन्द्र वर्मा, अमित अजमेरा, कमल जाटव, देवकरण गुर्जर, अंकुश भटनागर, सत्यनारायण अटल, हनुमान दास गुप्ता, इमरान अली, जितेन्द्र भंडारी, इंदुबाला बिलरवान, अर्जुन सिंह, ब्रजेश सेठी, शाहिद मुल्तानी, बंटी फारूकी, राजकुमार गोरे, पप्पू लाला, श्याम गवली, अभिमन्यु कार्पेंटर, सुंदर यादव, भेरू सिंह यादव, इरशाद खान, अनमोल वर्मा, सोनू मेव, विजय शर्मा, अवतार गुर्जर, गबरूद्दीन खान, साजिद खान, गुलरेज लाला, संतोष गुर्जर, लक्की गुर्जर, जाकिर मुल्तानी, जगदीश बाबा, अकरम खान, राहुल सेन, राजू मुल्तानी, कमलेश बोस, नजरुल हक कुरैशी, दीपक गुर्जर, लालूराम मालवीय, राधेश्याम मालवीय, मुजफ्फर अली, बद्रीलाल मेवाड़ा, संजय गवली, अहमद सर, हुसैन सैफी, तुषार पांड्या, विष्णु गुर्जर, जतिन राठौर, फैजान लाला, रुपेश गोस्वामी, विनोद गुर्जर, रवि परिहार, आलम लाला एवं शकील खान सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जानकारी राहुल मेघवाल ने दी।
विज्ञापन
विज्ञापन