Arif Khan / Wed, Oct 21, 2026 / Post views : 65
आगर मालवा। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को आगर मालवा जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन, बड़ौद रोड पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश की आंतरिक सुरक्षा एवं आमजन की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके शौर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया।
कार्यक्रम में विधायक मधु गेहलोत, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, एसडीएम कमल मंडलोई, सुसनेर एसडीओपी देवनारायण यादव, तहसीलदार विजय सैनानी, रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यपरायणता को याद करते हुए कहा गया कि पुलिस जवान विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
पुलिस स्मृति दिवस पुलिस बल के उन वीर जवानों के बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने शहीद पुलिसकर्मियों के आदर्शों पर चलने तथा समाज में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति ने शहीदों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन