शिवरात्रि पर विशेष आगमन: कर्नल मार्टिन की छठी पीढ़ी की वंशज शांति पहुंचेंगी बाबा बैजनाथ धाम

आरिफ खान, आगर मालवा। जन-जन की आस्था के केंद्र बाबा बैजनाथ मंदिर में इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व विशेष रूप से ऐतिहासिक और श्रद्धामय होने जा रहा है। मंदिर के जीर्णोद्धार से जुड़े रहे कर्नल मार्टिन की छठी पीढ़ी की वंशज ऑस्ट्रेलिया निवासी शांति मैकलवर शिवरात्रि के पावन अवसर पर आगर पधारेंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए यातायात थाना प्रभारी सूबेदार जगदीश यादव ने बताया कि शांति मैकलवर का आगमन शिवरात्रि के दिन प्रस्तावित है। शिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर तथा शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि बाबा बैजनाथ मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। शिवरात्रि पर यहां हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कर्नल मार्टिन के वंशज का आगमन ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
