लाखों रुपये की लागत से लगाये हाईमास्ट बने शोपीस, तहसील कार्यालय के पास अंधेरे में डूबा हाईवे, दुर्घटना की आशंका
तहसील कार्यालय के पास स्थित मोड़ पर, दुर्घटना की बनी रहती है आशंका

आरिफ खान, आगर मालवा। उज्जैन झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग 552 G पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा आगर मालवा तहसील कार्यालय के पास रोशनी की व्यवस्था के लिए लाखों रुपये की लागत से लगाए गए हाईमास्ट लाइट शोपीस बनकर रह गए हैं। रात होते ही क्षेत्र में घना अंधेरा छा जाता है, जिससे तहसील कार्यालय के पास स्थित मोड़ पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही दिन-रात बनी रहती है, लेकिन पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण वाहन चालकों को मोड़ दिखाई नहीं देता। रात के समय अंधेरे के कारण छोटे-बड़े हादसों की संभावना बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहुंच जाते हैं, लेकिन अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होने से प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे हाईमास्ट लाइटों को शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि तहसील कार्यालय के सामने हाईवे पर रोशनी की समुचित व्यवस्था हो सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।