मस्जिद विवाद में एक ही समुदाय के दो पक्ष आपस में भिड़े, दो गंभीर घायल
विवाद के दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए

आरिफ खान, आगर मालवा। जिले के ग्राम निपानिया बैजनाथ में मस्जिद के बटवारे और बाहर से आए इमाम को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक ही समुदाय के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद के दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पक्ष के लोगों का कहना था कि मस्जिद में बाहर से आए इमाम को नमाज नहीं पढ़ाने दी जाएगी, जबकि दूसरा पक्ष इस फैसले को मानने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
मारपीट में इरफान पिता सत्तार लाला और साहिल पिता अजगर लाला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पहले जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उनकी हालत को देखते हुए उज्जैन रेफर किया गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पर एकत्र हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां फटकार कर भिड़ को तितर-बितर किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।


