आगर मालवा में राहुल गांधी के पुतला दहन को लेकर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टकराव
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का उपयोग किया

आरिफ खान, आगर मालवा। जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चा कार्यकर्ता राहुल गांधी का पुतला जलाने पहुंचे। इस दौरान वहां मौजूद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस) कार्यकर्ताओं से उनका आमना-सामना हो गया।
जानकारी के अनुसार, भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाकर कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास किया। इससे दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान राहुल गांधी के पुतले को लेकर दोनों पक्षों के बीच खींचातानी भी हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का उपयोग किया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नारेबाजी के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर दिया।
मौके पर एसडीएम, सीएसपी, कोतवाली थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तैनात रहे। घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और पुलिस ने हालात को नियंत्रण में रखा।
