राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, करीब आधा दर्जन लोग घायल

आरिफ खान, आगर मालवा। जिले के आगर–सुसनेर मार्ग पर ग्राम बर्डा बरखेड़ा के समीप शुक्रवार को दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में दोनों कारों में सवार महिलाओं सहित करीब 6-7 से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार सुसनेर की ओर से देवास जा रही थी, जबकि दूसरी कार आगर से सोयत के ग्राम लोहारिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान बर्डा बरखेड़ा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह एवं कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया तथा क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

