सिंचाई हेतु 10 घंटे बिजली की मांग पर आगर बड़ौद मार्ग पर किसानों का चक्का जाम

आरिफ खान। आगर मालवा – सिंचाई के लिए प्रतिदिन 10 घंटे विद्युत प्रदाय की मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों ने बड़ौद मार्ग पर स्थित चिपया ग्रिड के सामने जोरदार प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। किसानों का कहना है कि अपर्याप्त बिजली आपूर्ति के कारण उनकी फसलें सूखने के कगार पर हैं।
विरोध का कारण: कम बिजली आपूर्ति
प्रदर्शन कर रहे किसान कनीराम निवासी चिपया ने बताया कि इस समय रबी फसलों, खासकर गेहूँ और चने, की सिंचाई का समय चल रहा है।
किसानों के अनुसार, विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उन्हें दिनभर में मात्र 3 से 4 घंटे ही बिजली दी जा रही है।
इस अल्प अवधि की बिजली आपूर्ति से खेतों की सिंचाई ठीक से नहीं हो पा रही है।
किसानों का कहना है कि उन्हें 4 दिनों में भी एक बीघा फसल की सिंचाई करना मुश्किल हो रहा है, जिससे फसलें खराब होने का खतरा मंडरा रहा है।
अपनी मांगों को लेकर आक्रोशित किसानों ने चिपया ग्रिड के सामने इकट्ठा होकर बड़ौद जाने वाले मुख्य मार्ग को बाधित कर दिया।
सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने विद्युत वितरण कंपनी और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों की सर्वप्रमुख मांग है कि उन्हें कृषि फीडरों पर नियमित रूप से एक साथ 10 घंटे बिजली की सप्लाई दी जाए, ताकि वे समय पर और समुचित रूप से अपनी फसलों की सिंचाई कर सकें।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी सूबेदार जगदीश यादव और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने किसानों को शांत करने का प्रयास किया और उन्हें बेहतर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया काफी देर तक चली समझाइश और आश्वासन के बाद किसानों ने मार्ग से जाम हटाया, जिससे आवागमन सामान्य हो सका।

