एकता नगर कॉलोनी में घर मे लगी आग: लाखों का सामान खाक, परिवार था बाहर
स्थानीय रहवासियों और फायर ब्रिगेड कि टीम ने समय रहते बुझाई आग

आरिफ खान।आगर मालवा। जिले की एकता नगर कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस अग्निकांड में घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही इस घटना में कोई जनहानि नही हुई घटना के वक्त परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एकता नगर कॉलोनी निवासी राजेश शर्मा पटवारी का परिवार किसी निजी काम से बाहर गया हुआ था। सुबह रहवासियों को बंद मकान से धुंआ उठता दिखाई दिया, जिससे कॉलोनी में हड़कंप मच गया।
मकान मालिक को हुआ लाखों का नुकसान
आग लगने की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। दमकल की टीम जब तक मौके पर पहुंची, और आग बुझाई तब बताया जा रहा है कि आग लगने से घर में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े और अन्य कीमती सामान पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया। अनुमान के मुताबिक, इस घटना में मकान मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
आग लगने का कारण अज्ञात
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। परिवार के घर लौटने के बाद नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।




