Arif Khan / Thu, Jun 11, 2026 / Post views : 42
आगर मालवा। नगर पालिका द्वारा कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य के बाद शहर की ऐतिहासिक धरोहर मोती सागर तालाब नए स्वरूप में नजर आ रहा है। आकर्षक लाइटिंग, सुंदर रेलिंग, विकसित वॉकिंग ट्रैक, हरियाली और बैठने की बेहतर व्यवस्थाओं ने तालाब की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं। शाम ढलते ही तालाब परिसर जगमगा उठता है और मनमोहक दृश्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष निलेश पटेल के प्रयासों और विशेष रुचि के चलते यह परियोजना साकार हुई है। तालाब के किनारे विकसित किए गए पाथ-वे और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था ने इसे शहरवासियों के लिए पसंदीदा स्थल बना दिया है। यहां सुबह स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिक टहलने और व्यायाम करने पहुंच रहे हैं, वहीं शाम के समय परिवारों, युवाओं और बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
तालाब पर पंहुचने वाले लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद मोती सागर तालाब को इतना सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप मिला है। आकर्षक रोशनी की पानी में पड़ती परछाइयां और स्वच्छ वातावरण लोगों को सुकून का अहसास करा रहा है। कई लोग यहां सुबह-शाम की सैर के साथ-साथ फोटोग्राफी और मनोरंजन के लिए भी पहुंच रहे हैं।
नगर पालिका का यह सौंदर्यीकरण कार्य न केवल शहर की सुंदरता बढ़ा रहा है, बल्कि शहरवासियों को एक बेहतर स्वच्छ सार्वजनिक स्थल भी उपलब्ध करा रहा है। वर्तमान में मोती सागर तालाब आगर मालवा के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल हो गया है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन