कलेक्टर ने कृषि विभाग कार्यालय का किया औचक निरीक्षण।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती यादव ने सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के अंतर्गत लोक सूचना बोर्ड को ऐसी जगह स्थापित करने के निर्देश दिए, जहां वह आमजन को आसानी से दिखाई दे तथा उस पर सहायक लोक सूचना अधिकारी एवं अपीलीय अधिकारियों के नाम स्पष्ट रूप से अंकित हों।
रिपोर्ट – जहीर उद्दीन (सोनू) आगर मालवा।
एक्सप्रेस समाचार।
आगर मालवा। कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव द्वारा बुधवार को कार्यालय उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न शाखाओं में संचालित विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी शाखा में विभागीय योजनाओं की जानकारी श्री मुकेश कुमार चंद्रपुरी द्वारा दी गई। उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत स्प्रिंकलर एवं ड्रिप सिंचाई के निर्धारित लक्ष्यों एवं उनकी पूर्ति की स्थिति से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर श्रीमती यादव ने प्राप्त लक्ष्यों के विरुद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला परामर्शदाता श्री भूपेन्द्र सिंह करोरिया ने स्वाइल हेल्थ एवं फर्टिलिटी योजना के अंतर्गत जानकारी देते हुए बताया कि जिले को निर्धारित 14,560 लक्ष्य के विरुद्ध 14,669 मृदा नमूने संग्रहित कर मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं आगर, बड़ोद, सुसनेर एवं नलखेड़ा भेजे गए हैं। इनमें से 11,405 मृदा नमूनों का परीक्षण पूर्ण कर परीक्षण रिपोर्ट किसानों को प्रदाय की जा चुकी है। इस पर कलेक्टर ने शेष परीक्षण कार्य शीघ्र पूर्ण कर रिपोर्ट समय पर किसानों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लेखा शाखा प्रभारी सहायक ग्रेड-3 श्री मुस्तफीक सिद्धीकी द्वारा एसएनए में वेंडर प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी गई, जिसमें जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एवं नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक के 150 खातों के लगभग वेंडर अप्रूव न होने के कारण भुगतान में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया गया। कलेक्टर द्वारा केश बुक एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया गया, जो पूर्ण पाए जाने पर प्रशंसा की गई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती यादव ने सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के अंतर्गत लोक सूचना बोर्ड को ऐसी जगह स्थापित करने के निर्देश दिए, जहां वह आमजन को आसानी से दिखाई दे तथा उस पर सहायक लोक सूचना अधिकारी एवं अपीलीय अधिकारियों के नाम स्पष्ट रूप से अंकित हों।
उप संचालक कृषि श्री विजय चौरसिया द्वारा विभागीय योजनाओं की प्रगति, कृषि अनुदान की डीबीटी के माध्यम से शीघ्र भुगतान, तथा राज्य एवं केंद्र योजनाओं का अधिक से अधिक किसानों तक लाभ पहुंचाने संबंधी जानकारी दी गई। निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव द्वारा विभागीय योजनाओं की प्रगति, कार्यालय की साफ-सफाई एवं पौधारोपण व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों की प्रशंसा की गई।

