Arif Khan / Sat, Aug 8, 2026 / Post views : 173
आगर मालवा। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने आज थाना बड़ौद का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के समय थाना प्रभारी निरीक्षक रूप सिंह बैस सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी ने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने स्टाफ को टीम भावना से काम करने, अपराध रोकने और आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी ने क्षेत्र में नियमित गश्त, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और निगरानी बदमाशों पर सख्त कार्रवाई पर जोर दिया। फरार और वारंटियों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित करने के लिए भी कहा। साथ ही शिकायतों का संवेदनशीलता से निराकरण और पुलिस कार्य में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए।
इस दौरान थाना के अपराध अभिलेख, रोजनामचा, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार और सीसीटीएनएस सहित सभी जरूरी दस्तावेजों का अवलोकन किया गया। अभिलेखों को अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
वर्षा ऋतु को देखते हुए बाढ़ संभावित क्षेत्रों की जानकारी ली गई। आपदा की स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स और आवश्यक सामग्री तैयार रखने के निर्देश दिए। स्थानीय प्रशासन से समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया।
अंत में एसपी ने पुलिस बल से संवाद कर अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशील पुलिसिंग अपनाने को कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के साथ नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन