Arif Khan / Fri, Sep 4, 2026 / Post views : 70
आरिफ खान, आगर मालवा। भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आगर मालवा में यादव समाज के तत्वावधान में भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। बारिश के बीच निकली इस यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से शहर की सड़कें गूंज उठीं और पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
पालकी यात्रा का शुभारंभ बड़ा गवलीपुरा स्थित राधाकृष्ण मंदिर से हुआ। फूलों से भव्य रूप से सजी पालकी को श्रद्धालुओं ने कंधों पर लेकर यात्रा प्रारंभ की। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं, युवा और बच्चे उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा छावनी नाका, झंडा चौक, नाना बाजार, गोपाल मंदिर, सरकारबाड़ा, पुराना अस्पताल एवं बस स्टैंड होते हुए मालीखेड़ी रोड स्थित यादव समाज छात्रावास पहुंची। जगह-जगह शहरवासियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पालकी यात्रा का स्वागत किया गया। बरसते पानी के बीच भी श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण का अभिनंदन किया।
यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल समाजजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजकर यात्रा की शोभा बढ़ाई। ढोल-नगाड़ों, जयकारों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे।
यात्रा के समापन पर यादव समाज छात्रावास में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। तेज बारिश के बावजूद आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई और श्रद्धालुओं ने भक्ति के रंग में सराबोर होकर जन्माष्टमी का पर्व मनाया।
विज्ञापन
विज्ञापन