Arif Khan / Sun, Oct 11, 2026 / Post views : 28
आगर मालवा/नलखेड़ा। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में आस्था का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर भक्तों की आवाजाही बनी रही। हजारों श्रद्धालुओं ने मां बगलामुखी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंगला आरती के बाद सुबह 6 बजे से ही माता के दरबार में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देखते ही देखते मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी। मां के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों के साथ ही उज्जैन, इंदौर और दिल्ली सहित देश के अनेक राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त नलखेड़ा पहुंचे।
कोई परिवार के साथ मां का आशीर्वाद लेने पहुंचा, तो कोई अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना लेकर माता के दरबार में हाजिरी लगाने आया। पूरे मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालु मां बगलामुखी के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते नजर आए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन मुस्तैद
नवरात्रि के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने और मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। भीड़ के बीच दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया।
आगामी दिनों में बढ़ सकती है श्रद्धालुओं की संख्या
नवरात्रि के पहले ही दिन सुबह 10 बजे तक हजारों श्रद्धालुओं के मां बगलामुखी के दर्शन करने से आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। नवरात्रि के दौरान देशभर से श्रद्धालुओं के नलखेड़ा पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। मां बगलामुखी के प्रति भक्तों की गहरी आस्था के चलते मंदिर में पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान भक्तिमय माहौल बने रहने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन