Arif Khan / Wed, Oct 7, 2026 / Post views : 51
आगर मालवा। जिले के लिए गौरव का विषय है कि जिले के प्रतिभाशाली युवा चिकित्सक डॉ. हंसराज परमार, सुपुत्र श्री अमृतलाल परमार (सेवानिवृत्त शिक्षक), ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित NEET-SS परीक्षा में सफलता हासिल कर DM Neurology में प्रवेश प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों, सहकर्मियों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
डॉ. हंसराज परमार बचपन से ही मेधावी एवं अध्ययनशील विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए MBBS तथा MD (Internal Medicine) की शिक्षा पूर्ण की। चिकित्सा शिक्षा के दौरान भी उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से विशेष पहचान बनाई।
MD Medicine के बाद डॉ. परमार ने आगर मालवा एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों की चिकित्सा सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गंभीर एवं आपातकालीन मरीजों के उपचार सहित सामान्य चिकित्सा सेवाओं में उन्होंने निरंतर समर्पण के साथ कार्य किया। क्षेत्र के लोगों के प्रति उनकी सेवा भावना और चिकित्सा के प्रति प्रतिबद्धता के कारण उन्होंने स्थानीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
अब NEET-SS में सफलता प्राप्त कर DM Neurology में चयनित होने के बाद डॉ. परमार न्यूरोलॉजी के क्षेत्र में उच्च विशेषज्ञता प्राप्त करने जा रहे हैं। उनका लक्ष्य आधुनिक न्यूरोलॉजी की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को भविष्य में आमजन तक पहुंचाना और विशेष रूप से आगर मालवा एवं आसपास के क्षेत्र के मरीजों के लिए बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में योगदान देना है।
डॉ. परमार की इस उपलब्धि पर उनके पिता श्री अमृतलाल परमार (सेवानिवृत्त शिक्षक), परिवारजनों, मित्रों, चिकित्सक साथियों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
आगर मालवा के एक प्रतिभाशाली युवा चिकित्सक का राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर DM Neurology तक पहुंचना निश्चित रूप से क्षेत्र के युवा विद्यार्थियों और चिकित्सा अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।
विज्ञापन
विज्ञापन