Arif Khan / Sun, Nov 15, 2026 / Post views : 586
आगर मालवा। आगर-कानड़ मार्ग पर सेमली जोड़ के समीप एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कानड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की मोटरसाइकिल दुर्घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली, जबकि उसका शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर आगे कानड़ मार्ग पर बरामद हुआ। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि दुर्घटनास्थल पर मोटरसाइकिल मिलने के बावजूद मृतक का शव दो किलोमीटर दूर कैसे पहुंचा? क्या यह महज सड़क दुर्घटना है या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच का विषय बना हुआ है।
मृतक की पहचान पंकज पिता मोहनलाल शर्मा निवासी आगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पंकज पूर्व में एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया तथा मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन