Arif Khan / Wed, Oct 28, 2026 / Post views : 203
आगर-मालवा। ईंट-भट्ठों पर मजदूर उपलब्ध कराने के नाम पर करीब 40 भट्ठा संचालकों से 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रकरण के मुख्य आरोपी आफताब, निवासी उत्तर प्रदेश, को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 20 लाख रुपये नकद और दो चेक बरामद किए गए हैं। वहीं, मामले में शामिल दूसरा आरोपी सलीम खान अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
सस्ते मजदूर दिलाने का झांसा देकर की ठगी
पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत में बिचौलिए सलीम खान ने आगर जिले के 15 से 20 ईंट-भट्ठा संचालकों को सस्ते मजदूर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में उसने एडवांस के नाम पर लाखों रुपये ले लिए। आरोप है कि मजदूरों को लाने के बाद उनकी मजदूरी का भुगतान किए बिना ही रकम लेकर फरार हो गया। इस तरह भट्ठा संचालकों के साथ धोखाधड़ी की गई।
झूठी शिकायत से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
मामले को दूसरा रूप देने और पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए आरोपी ने उत्तर प्रदेश में शिकायत दर्ज कराई कि आगर के ईंट-भट्ठा संचालकों ने मजदूरों को बंधक बनाकर रखा है। शिकायत के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की जांच टीम आगर पहुंची, जिससे मामले में नया मोड़ आ गया।
मजदूरों को लेकर आधी रात थाने पहुंचे संचालक
उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम के पहुंचने के बाद भट्ठा संचालकों में हड़कंप मच गया। खुद को निर्दोष साबित करने और वास्तविक स्थिति पुलिस के सामने रखने के लिए पीड़ित संचालक मजदूरों को साथ लेकर आधी रात को आगर कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की।
सीसीटीवी और टोल रिकॉर्ड से जांच को मिली दिशा
शिकायत मिलने के बाद आगर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड खंगाले। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आफताब को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 20 लाख रुपये नकद और दो चेक बरामद किए गए हैं।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
इस धोखाधड़ी प्रकरण में दूसरा आरोपी सलीम खान अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में अन्य तथ्यों का खुलासा होने और ठगी की शेष राशि की बरामदगी की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन