Arif Khan / Tue, Nov 3, 2026 / Post views : 131
आगर मालवा। शहर के रत्नसागर तालाब में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के मामले में मृतक की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान छावनी मार्केट मोहल्ला निवासी कुलदीप पिता स्वर्गीय मोहनलाल परमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक पिछले कई दिनों से अपने घर से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना कोतवाली थाने में भी दी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रत्नसागर तालाब के समीप कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब के पानी में दिखाई दे रहे एक व्यक्ति के पैरों पर पड़ी। बच्चों ने पानी में किसी व्यक्ति के होने की आशंका जताई और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। इसके बाद तालाब में शव होने की सूचना पुलिस तक पहुंची।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने नगर पालिका कर्मचारियों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद शव को तालाब के पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में उसकी पहचान छावनी मार्केट मोहल्ला निवासी कुलदीप परमार के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि कुलदीप पिछले कई दिनों से घर से लापता था। परिजनों द्वारा उसकी गुमशुदगी की सूचना कोतवाली थाने में दी गई थी।
तालाब में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह तालाब तक कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन