Arif Khan / Sat, Oct 3, 2026 / Post views : 22
आरिफ खान, आगर-मालवा। जिला पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को यातायात थाना प्रभारी सौरभ सिंह चौहान ने मालीखेड़ी रोड स्थित संस्कार स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन में चालक सहित सभी यात्रियों को सीट बेल्ट लगाने की समझाइश दी।
विद्यार्थियों को तेज गति से वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई। इसके अलावा सड़क पर लगे यातायात संकेतों और नियमों का पालन करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राहवीर योजना के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में घायल व्यक्ति को तत्काल सहायता और अस्पताल पहुंचाने में आम नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। विद्यार्थियों को दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने तथा लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री राहत योजना से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और मित्रों को भी हेलमेट, सीट बेल्ट एवं सुरक्षित वाहन चालन के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन