आगर मालवा: तुलजा सरोवर में डोंगी पलटने से डूबे युवक, SDRF का रेस्क्यू जारी
हादसे में एक युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि दूसरा युवक गहरे पानी में डूब गया

आरिफ खान। रविवार शाम शहर के तुलजा सरोवर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। मछली पकड़ने के लिए तालाब में उतरे दो युवकों की डोंगी अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में एक युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि दूसरा युवक गहरे पानी में डूब गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डोंगी पलटते ही दोनों युवकों ने खुद को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान सुजल नामक युवक हिम्मत दिखाते हुए तैरकर तालाब के किनारे तक पहुंच गया, लेकिन उसका दोस्त नरेन्द्र उर्फ बाबूराम पिता प्रभुराम, निवासी अहीर मोहल्ला, पानी की गहराइयों में समा गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग तालाब के आसपास जमा हो गए। तैरकर बाहर आए सुजल की तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
दूसरे युवक के डूबने की सूचना मिलते ही डायल 112 को अवगत कराया गया। सूचना पर प्रशासन हरकत में आया और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। टीम द्वारा करीब दो घंटे तक तालाब में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
घटना की खबर मिलते ही युवक के परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक तुलजा सरोवर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। लोग प्रशासन से जल्द से जल्द युवक को खोजने की मांग कर रहे हैं।




