Arif Khan / Wed, Aug 19, 2026 / Post views : 58
आगर-मालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को लाडली बहना योजना के तहत आगर-मालवा जिले की बहनों को आर्थिक सहायता राशि का वितरण किया। अगस्त 2026 की मासिक किस्त एवं रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष उपहार राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री द्वारा जिले की कुल 1 लाख 13 हजार 740 पात्र लाडली बहनों के खातों में अगस्त माह की 1,500 रुपये मासिक किस्त तथा रक्षाबंधन के अवसर पर 250 रुपये की विशेष उपहार राशि अंतरित की गई। इस प्रकार जिले की पात्र बहनों के खातों में कुल 19 करोड़ 58 लाख 58 हजार 50 रुपये की राशि अंतरित की गई।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने जिले की समस्त लाडली बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य शासन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। लाडली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
कलेक्टर डॉ. मीना ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के लाभ से कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे तथा पात्र महिलाओं को योजना का लाभ समय पर सुनिश्चित किया जाए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत राष्ट्रीय अंतरण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला मुख्यालय, विकासखंड मुख्यालयों एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में लाडली बहनों एवं अन्य हितग्राहियों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।
रक्षाबंधन के अवसर पर मिली अतिरिक्त सहायता राशि से जिले की लाडली बहनों में खुशी का माहौल रहा। शासन की इस पहल को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन