Arif Khan / Sat, Aug 15, 2026 / Post views : 66
आरिफ खान, आगर मालवा। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय आगर में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने ध्वजारोहण कर भव्य परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भोपाल से दिए गए संदेश का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया।
कलेक्टर ने खुली जिप्सी से किया परेड का निरीक्षण
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के साथ खुली जिप्सी पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। जिला पुलिस बल के बैंड की मधुर धुन के बीच तीन हर्ष फायर किए गए। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सपना परमार एवं उप कमांडर राखी गुर्जर के नेतृत्व में विभिन्न प्लाटूनों ने कदम से कदम मिलाकर मार्चपास्ट किया।
विभिन्न प्लाटूनों ने प्रस्तुत किया आकर्षक मार्चपास्ट
परेड में जिला पुलिस बल की प्रथम एवं द्वितीय प्लाटून, जिला महिला पुलिस, नगर सेना, उत्कृष्ट विद्यालय का एनसीसी प्लाटून, सांदीपनी स्कूल एवं पुष्पा कॉन्वेंट के स्काउट दल, कन्या विद्यालय की गाइड दल तथा शौर्या दल शामिल रहे। परेड कमांडर, उप कमांडर, सभी प्लाटूनों और बैंड की टुकड़ी को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
89 उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र रक्षकों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए कुल 89 अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस जवानों, छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
जिले की विकास गाथा पुस्तिका का वितरण
समारोह में जनसंपर्क विभाग द्वारा जिले की विकास गतिविधियों और उपलब्धियों पर आधारित ‘बदलते दौर का मध्यप्रदेश, आगर मालवा जिले की विकास गाथा’ पुस्तिका का वितरण किया गया। पुस्तिका में जिले के इतिहास, कला-संस्कृति, पर्यटन, सिंचाई, बिजली, शिक्षा, उद्योग, निवेश, महिला सशक्तिकरण और प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष और कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भी किया ध्वजारोहण
नगर पालिका अध्यक्ष निलेश पटेल ने गांधी उपवन में तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी गर्ग ने छावनी झंडा चौक में ध्वजारोहण किया।
समारोह में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक माधव सिंह मधु गेहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई भैरूसिंह चौहान, जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयत, एसडीएम मिलिन्द ढोके, डिप्टी कलेक्टर प्रेमनारायण परमार सहित अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, पार्षद, पंचायत पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक शरद बंसिया एवं दिशा सक्सेना ने किया।
मुख्य समारोह स्थल पर बड़ा हादसा टला बारिश से बचाव के लिए लगाए गए पंडाल में शार्ट सर्किट के कारण बिजली की केबल जल गई और पूरे पंडाल में धुआं फैल गया। जिस स्थान पर घटना हुई, वहां बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद थे। कर्मचारियों की सूझबूझ से तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बिजली सप्लाई बंद होने के कारण मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण भी अधूरा रह गया। इसके बाद हुई जोरदार बारिश के कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम भी नहीं हो सके, जिससे कई दिनों से तैयारी कर रहे स्कूली बच्चों को निराशा हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन