Arif Khan / Fri, Jul 10, 2026 / Post views : 106
आगर मालवा। देवास–शाजापुर संसदीय क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने बहुप्रतीक्षित उज्जैन–झालावाड़ फोरलेन परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में बताया कि अभी तक परियोजना के टेंडर जारी नहीं हुए हैं, लेकिन आगामी 14 जुलाई को टेंडर जारी होने की संभावना है।
सांसद सोलंकी ने कहा कि उनकी पूरी कोशिश है कि इस बार टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाए, जिससे अक्टूबर माह में निर्माण कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद अगले एक वर्ष के भीतर फोरलेन सड़क धरातल पर बनकर तैयार हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शीघ्र गति देने के लिए वे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार इस परियोजना को जल्द मंजूरी देकर क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी।
उज्जैन–झालावाड़ फोरलेन के निर्माण से आगर मालवा सहित आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, यात्रा का समय कम होगा तथा व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन