Arif Khan / Mon, May 4, 2026 / Post views : 44
आगर मालवा। जिले में वन विभाग की एक कार्रवाई अब सवालों के घेरे में आ गई है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को वन विभाग की टीम ने पिपलोन कलां क्षेत्र से लकड़ी से भरा एक ट्रेलर पकड़ा। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर विभाग के जिम्मेदार अधिकारी स्पष्ट जानकारी देने से बचते नजर आए।
जब इस संबंध में डिप्टी रेंजर ललित उपाध्याय से जानकारी लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने मामला रेंजर के पास होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। वहीं रेंजर से संपर्क करने पर उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ।
इसके बाद जब एसडीओ फॉरेस्ट से फोन पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि वे फिलहाल टीएल बैठक में व्यस्त हैं और जानकारी के लिए कार्यालय में संपर्क करने को कहा।
अधिकारियों के इस तरह के टालमटोल भरे रवैये से पूरी कार्रवाई पर संदेह के बादल मंडराने लगे हैं। स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अब देखना होगा कि वन विभाग इस पूरे मामले में स्पष्ट जानकारी कब तक सार्वजनिक करता है और क्या इस कार्रवाई से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जाता है या नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन