Arif Khan / Tue, Jul 7, 2026 / Post views : 112
आगर-मालवा। कलेक्टर प्रीति यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलेभर से आए 124 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करते हुए आवेदकों को कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा, शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आवेदक उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम अंतरालिया निवासी गोकुल मेघवाल ने आवासीय पट्टे की भूमि पर कब्जा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम सुसनेर को तत्काल कार्रवाई कर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। वहीं, श्रीपतपुरा (सोयताकला) निवासी सीताराम ने कृषि भूमि तक जाने का रास्ता बंद होने की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम को मौके पर राजस्व टीम भेजकर खेत तक पहुंचने का मार्ग तत्काल खुलवाने के आदेश दिए।
बड़ोद निवासी दिव्यांग रोड़ खां ने व्हीलचेयर एवं श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। कलेक्टर ने उपसंचालक, सामाजिक न्याय विभाग को आवश्यक उपकरण शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त राम मालीपुरा के गणेश, ग्राम मैना के करणलाल, लापा खेड़ी की फरीदा बी, ग्राम धनोरा के विष्णु प्रसाद, संजय कुमार, चंदाबाई, सतीश सहित अन्य आवेदकों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं जनसुनवाई में प्रस्तुत कीं।
कलेक्टर प्रीति यादव ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन