Arif Khan / Tue, Aug 25, 2026 / Post views : 133
उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ग्राम रामाखेड़ी के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश नंबर की अटिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट संदीप गोस्वामी और अमरीश मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद पहुंचाया। हादसे में एक महिला कार में बुरी तरह फंस गई थी, जिसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद में डॉक्टर विजेंद्र चूड़ीहार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल आगर रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान सूरजपाल, सचिन और श्याम के रूप में हुई है। सभी के उत्तर प्रदेश के निवासी होने की जानकारी सामने आई है।
मृतकों की पहचान सारिका, पत्नी श्यामलाल, और छवि, पुत्री श्यामलाल, के रूप में हुई है। दोनों के शव एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल बड़ौद लाए गए। पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आर्टिगा चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके चलते कार आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद कुछ समय तक फोरलेन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही बड़ौद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन