Arif Khan / Sun, Jul 5, 2026 / Post views : 156
आगर मालवा। आगर में सरकारी गोचर (चरागाह) भूमि पर कथित अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने रविवार सुबह बड़ा अभियान शुरू किया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, नगर पालिका सीएमओ, थाना प्रभारी सहित राजस्व विभाग, नगर पालिका और पुलिस के करीब 200 अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन की निगरानी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले सर्व हिंदू समाज ने सरकारी गोचर भूमि पर लंबे समय से कथित अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए आगर-उज्जैन मार्ग पर चक्काजाम किया था। प्रदर्शन के दौरान संगठन ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की थी।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया था कि बस स्टैंड के समीप उज्जैन हाईवे से लगी सरकारी गोचर एवं चरागाह भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जे और निर्माण किए जा रहे हैं। संगठन ने संबंधित सर्वे नंबरों का हवाला देते हुए लगभग 25 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण होने का दावा किया था।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आज संयुक्त कार्रवाई शुरू कर दी। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि राजस्व विभाग और नगर पालिका का अमला पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहा है। प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन