Arif Khan / Fri, Jan 16, 2026 / Post views : 182
जिला पंचायत आगर के सभागार में कलेक्टर प्रीति यादव के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले की लाड़ली बहनों ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भैरूसिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कलेक्टर प्रीति यादव ने लाड़ली बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि नारी केवल परिवार का आधार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सशक्त नारी से ही सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि शासन की योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में प्रभावी भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से महिलाओं का सम्मान बढ़ा है और प्रतिमाह मिलने वाली राशि उनके लिए आर्थिक संबल बन रही है।
कलेक्टर ने बहनों से बचत की आदत विकसित करने, आय के स्रोत बढ़ाने, स्व-सहायता समूहों से जुड़ने तथा स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया। साथ ही बाल विवाह न करने एवं समाज में बाल विवाह रोकने तथा बेटियों को बेटों के समान शिक्षा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थितजनों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री राजीव गुप्ता, परियोजना अधिकारी मनीषा चौबे, सामाजिक कार्यकर्ता जमील काजी, विभागीय अमला, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनाएं उपस्थित रहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन