Arif Khan / Tue, Aug 4, 2026 / Post views : 129
आगर-मालवा। जिला न्यायालय आगर-मालवा में पदस्थ प्रशासनिक अधिकारी अब्दुल हमीद खान 36 वर्षों की गौरवपूर्ण एवं सफल शासकीय सेवा के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। मूलतः सीहोर जिले के निवासी अब्दुल हमीद खान वर्ष 2024 में जिला न्यायालय आगर-मालवा की स्थापना के समय से प्रशासनिक अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर जिला न्यायिक कर्मचारी संघ द्वारा वृक्षारोपण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के समस्त न्यायाधीशगण, न्यायालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह में वक्ताओं ने खान की कार्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं अनुकरणीय सेवाओं की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्हें शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन वृक्षारोपण के साथ हुआ, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र गोसर ने दी।
विज्ञापन
विज्ञापन