Arif Khan / Sun, Aug 16, 2026 / Post views : 90
आगर-मालवा। विवेकानंद कॉलोनी में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाश घर के सामने खड़ी एक कार के दो पहिए निकालकर ले गए। सुबह कार मालिक की नजर जब वाहन पर पड़ी तो वह हैरान रह गए। बदमाश कार को पहिए निकालने के बाद ईंटों के सहारे खड़ा कर गए थे।
जानकारी के अनुसार विवेकानंद कॉलोनी में सोमेश्वर महादेव मंदिर के सामने रहने वाले रमेश कुंभकार की कार रोजाना की तरह शनिवार रात घर के सामने खड़ी थी। रात में किसी समय अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और कार के दो पहिए खोलकर चोरी कर लिए। पहिए निकालने के बाद बदमाशों ने कार को ईंटों के सहारे खड़ा कर दिया और मौके से फरार हो गए।
रविवार सुबह रमेश कुंभकार ने जब कार को देखा तो उसके दो पहिए गायब थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस की डायल-112 सेवा और कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दी है, ताकि बदमाशों की पहचान हो सके।
कार मालिक रमेश कुंभकार ने बताया कि जिस सड़क पर उनकी कार खड़ी थी, वहां रात करीब 1 बजे तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद बदमाशों ने बेखौफ होकर कार के पहिए खोल लिए। उन्होंने बताया कि चोर कार को ईंटों के सहारे छोड़ गए और दोनों पहिए लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद कॉलोनी के रहवासियों में भी चिंता है। लोगों का कहना है कि यदि मुख्य सड़क और आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह बदमाश आसानी से वाहन के पहिए खोलकर ले जा सकते हैं तो रात में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। रहवासियों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
इस घटना ने शहर में पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात में कितने बदमाश शामिल थे और चोरी किए गए पहिए कहां ले जाए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन