Express Samachar / Mon, Aug 10, 2026 / Post views : 39
रिपोर्ट - जहीर उद्दीन आगर मालवा ।
एक्सप्रेस समाचार।

आगर मालवा। आगर नगर में शमशान भूमि पर प्रस्तावित फायर स्टेशन निर्माण का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस मामले को लेकर सर्व हिन्दू समाज के नेतृत्व में शहरवासियों ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील आगर के खसरा नंबर 1568 स्थित शमशान भूमि पर प्रशासन द्वारा फायर स्टेशन निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। इस प्रस्ताव का आगर नगर एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उक्त शमशान भूमि का उपयोग पिछले कई वर्षों से अंतिम संस्कार, मृत नवजात शिशुओं एवं गौवंश के दफनाने के लिए किया जा रहा है। ऐसे में इस स्थान पर फायर स्टेशन बनने से हजारों लोगों को अंतिम संस्कार में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा, साथ ही उनकी धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं भी आहत होंगी।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि इस विषय में प्रशासन से पहले भी वैकल्पिक शासकीय भूमि पर फायर स्टेशन निर्माण करने का अनुरोध किया गया था, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इसी के विरोध में अब क्षेत्र के नागरिकों ने 11 अगस्त 2026, सुबह 10:00 बजे से नगर पालिका परिषद, आगर मालवा के सामने अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना देने की घोषणा की है। यह धरना सर्व हिन्दू समाज के नेतृत्व में किया जाएगा।
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण, अहिंसक एवं लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। साथ ही धरने के दौरान सभी प्रशासनिक नियमों का पालन किया जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।
इस संबंध में आज अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कार्यालय आगर को लिखित अनुमति हेतु आवेदन भी सौंपा गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन आगे क्या कदम उठाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन