Arif Khan / Fri, Nov 27, 2026 / Post views : 968
आगर मालवा। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी और कोटवार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई 27 नवंबर 2026 को की गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुम्भकार के रूप में हुई है। लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की राशि कोटवार संजय कुम्भकार की पेंट की जेब से बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, आगर के राम मालीपुरा निवासी शिकायतकर्ता आशुतोष चौहान ने 23 नवंबर को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके बड़े पापा चिंतामण चौहान की जमीन का नक्शा त्रुटिपूर्ण होने के कारण उसमें सुधार कराने के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया गया था। इस संबंध में जब पटवारी प्रहलाद सिंह भिलाला और कोटवार संजय कुम्भकार से संपर्क किया गया तो नक्शे में दुरुस्ती करने के एवज में 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने 30 हजार रुपए पहले ही ले लिए थे। इसके बाद शेष राशि में से 10 हजार रुपए लेते समय लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने दोनों को दबोच लिया। मौके पर कार्रवाई करते हुए रिश्वत की राशि कोटवार की पहनी हुई पेंट की जेब से बरामद की गई।
यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह एवं लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल धनगर, आरक्षक संदीप राव कदम, उमेश जाटव और मोहम्मद इसरार शामिल रहे।
लोकायुक्त की टीम द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम करने के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन के दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर की जा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन